
यूपी – गाजियाबाद/नोएडा। औद्योगिक अनुपालन, कार्यस्थल सुरक्षा और महिला गरिमा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इंडियन काउंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (आईसीआईएम) तथा उसकी सहयोगी संस्थाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित सरकारी मान्यताएँ प्राप्त हुई हैं। इससे संस्थाओं की विश्वसनीयता और संस्थागत पहचान को नई मजबूती मिली है।
आईसीआईएम की सहयोगी संस्था लीगल इंफोसोल्यूशंस प्रा. लि. को उत्तर प्रदेश श्रम विभाग द्वारा “थर्ड पार्टी ऑडिटर” के रूप में आधिकारिक मान्यता प्रदान की गई है। इसके तहत संस्था अब राज्य के कारखानों एवं प्रतिष्ठानों का ऑडिट निर्धारित मानकों के अनुसार कर सकेगी। यह मान्यता संस्था की विशेषज्ञता, तकनीकी क्षमता और श्रम कानून अनुपालन में अनुभव को दर्शाती है। इससे पूर्व संस्था को ऑक्यूपेशनल हेल्थ एंड सेफ्टी (OHS) प्रशिक्षण हेतु भी सरकारी स्वीकृति प्राप्त है।
वहीं, आईसीआईएम की एक अन्य सहयोगी संस्था “उत्थान समिति” को भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा PoSH (कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम) प्रशिक्षण के लिए मान्यता दी गई है, जो कार्यस्थलों को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इन तीनों मान्यताओं से आईसीआईएम नेटवर्क ने “ऑडिट, सुरक्षा और गरिमा” के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
इन उपलब्धियों में चेयरमैन सतेंद्र सिंह की भूमिका अहम रही है। श्रम कानून, औद्योगिक अनुपालन और संस्थागत प्रबंधन में उनके अनुभव और नेतृत्व ने संस्थाओं को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है।
सतेंद्र सिंह ने कहा कि ये मान्यताएँ केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि सुरक्षित, जिम्मेदार और सम्मानजनक कार्यस्थल बनाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।





