यूपी – लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वंचित एवं कमजोर वर्ग के 27,99,982 छात्र-छात्राओं के खातों में 3,350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति डीबीटी के माध्यम से अंतरित की। साथ ही राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 33,334 लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को 13,52,357 अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति वितरित की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 33,64,615 ओबीसी छात्रों को लगभग 2700 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है और पहली बार 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति वितरण सुनिश्चित हुआ है।

नरेंद्र कश्यप ने यह भी बताया कि पिछड़ा वर्ग की बेटियों के विवाह हेतु 232 करोड़ रुपये से 1,16,000 परिवारों को अनुदान दिया गया है।
कार्यक्रम में मंत्री ओम प्रकाश राजभर, असीम अरुण, संजीव गोंड, दानिश आजाद अंसारी, महापौर सुषमा खर्कवाल, बैजनाथ रावत और वाई.पी. सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





