यूपी – गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘विकसित भारत-2047’ थीम पर आधारित वार्षिकोत्सव ‘मेवाड़ अभिव्यक्ति-2026’ का रंगारंग शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे और श्वेत कबूतर उड़ाकर किया। इस अवसर पर छात्रों ने उत्साहपूर्वक मशाल मार्च भी निकाला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य छात्रों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि छात्र भारतीय संस्कारों के साथ समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर कवयित्री निवेदिता शर्मा भी उपस्थित रहीं।

वार्षिकोत्सव के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें मूट कोर्ट वाद-विवाद, कविता, एकल एवं समूह गायन तथा नाट्य प्रतियोगिता प्रमुख हैं। कविता प्रतियोगिता में 20, एकल गायन में 17, समूह गान में 38 प्रतिभागियों और नाट्य प्रतियोगिता में 7 टीमों ने भाग लिया।
आयोजन के आगामी चरण में 31 मार्च को फैशन शो, एकल एवं समूह नृत्य प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसके बाद विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और रचनात्मकता देखने को मिली।





