यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने मधुबन बापूधाम स्थित निर्माणाधीन बुनकर मार्ट (एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अपर सचिव, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
कार्यस्थल पर श्रमिकों की कमी पाए जाने पर उपाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अभियंताओं को नियमित रूप से साइट पर मौजूद रहकर कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना का उद्देश्य बुनकरों, शिल्पकारों और हस्तशिल्प कारीगरों को स्थायी विपणन मंच उपलब्ध कराना है। इसे भारत मंडपम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो, प्रदर्शनी और सम्मेलन आयोजित होंगे।
परियोजना में आधुनिक एक्सपो हॉल, दुकानें, 560 क्षमता का ऑडिटोरियम, 80 सीटों का कॉन्फ्रेंस हॉल, फूड कोर्ट और म्यूजियम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके पूरा होने पर क्षेत्र में व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।





