यूपी – गाजियाबाद। जनपद के लिए गौरव का विषय है कि 15वीं सब-जूनियर व जूनियर तथा 16वीं सीनियर राष्ट्रीय ड्रॉप रोबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 अप्रैल 2026 तक एचआरआईटी विश्वविद्यालय, मेरठ रोड, गाजियाबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के 23 राज्यों से 500 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे, जबकि 100 कोच-मैनेजर, 30 रेफरी और विभिन्न राज्यों के सचिव भी मौजूद रहेंगे।
अध्यक्ष अशोक यादव एवं सचिव राहुल देव गौतम ने बताया प्रतियोगिता की अध्यक्षता डॉ. अनिल अग्रवाल (चांसलर, एचआरआईटी विश्वविद्यालय व पूर्व राज्यसभा सांसद) करेंगे। मुख्य अतिथि रक्षा खडसे (राज्य मंत्री, युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) रहेंगी। विशिष्ट अतिथियों में सुनील शर्मा (मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) तथा अतुल गर्ग (सांसद, गाजियाबाद) शामिल होंगे।
ड्रॉप रोबॉल एक स्वदेशी ग्रामीण खेल है, जिसे 2008 में हरियाणा के रोहतक से आधुनिक स्वरूप और नियमों के साथ पुनः प्रारंभ किया गया। यह खेल वर्तमान में 23 राज्यों में खेला जा रहा है तथा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और अखिल भारतीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में भी शामिल है।
कम खर्च और कम स्थान में खेले जाने वाले इस सुरक्षित खेल में खिलाड़ी हथेली से गेंद को ठप्पा देकर सिंगल, डबल, ट्रिपल व मिक्स डबल श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।





