यूपी – गाजियाबाद, 28 मार्च 2026
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और रखरखाव का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, वेयरहाउस की साफ-सफाई और उपकरणों के रखरखाव की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि वेयरहाउस में सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही साफ-सफाई और तकनीकी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण और व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





