यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन अवसर पर आयोजित रैली ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने इसे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए अब तक की सबसे बड़ी सौगात बताया।
नरेंद्र कश्यप ने कहा कि एयरपोर्ट के शुरू होने से क्षेत्र की आर्थिक, औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी। गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ और मुजफ्फरनगर समेत आसपास के जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के माध्यम से आयात-निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का भी उल्लेख किया, जिसमें आम व्यक्ति को हवाई यात्रा से जोड़ने की बात कही गई है। कश्यप ने बताया कि उद्घाटन रैली में वे अपने समर्थकों और समाज के लोगों के साथ बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाएगी।





