यूपी – गाजियाबाद। दिल्ली गेट स्थित प्राचीन सिद्धपीठ श्रीबाला त्रिपुर सुन्दरी देवी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आयोजित 9 दिवसीय हवन एवं श्री शतचंडी महायज्ञ का समापन शुक्रवार को रामनवमी पर विधिवत पूर्णाहुति के साथ हुआ। महंत गिरीशानंद गिरि महाराज के सानिध्य में सैकड़ों श्रद्धालुओं, संतों और महात्माओं ने मंत्रोच्चारण के बीच हवन में आहुतियां अर्पित कीं।

महंत गिरीशानंद गिरि ने बताया कि 19 से 27 मार्च 2026 तक मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्राचीन सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर और पटेल नगर स्थित शिव मंदिर में भी कन्या पूजन, हवन और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

26 मार्च को निकली भव्य पंखा शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों—डासना गेट, रमतेराम रोड, गंज, जीटी रोड, घंटाघर और नवयुग मार्केट—से होते हुए मंदिर पहुंची, जहां भक्तों ने आरती कर स्वागत किया। रामनवमी पर मंदिर को फूलों से सजाया गया और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

दूधेश्वरनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर नारायण गिरी के आशीर्वाद से आयोजित इस महोत्सव में विधायक संजीव शर्मा, महंत महेश दास, विजय गिरि, स्वामी आनंदगिरि, उपमहापौर राजीव शर्मा, रूप गिरी, सुनील नागर, विजय मित्तल, साध्वी गिरजानंदनी, योगेंद्र सिंह, सतवीर चौधरी और शिवकुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





