यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान (फेज-05) के द्वितीय चरण के अंतर्गत 24 मार्च को कमिश्नरेट गाजियाबाद में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा भव्य स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ सुबह 10:45 बजे पुलिस लाइन्स से हुआ, जिसे पुलिस आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली पुलिस लाइन्स से शुरू होकर पुराना बस अड्डा, चौधरी मोड़, कोतवाली नगर, हापुड़ मोड़ होते हुए पुनः पुलिस लाइन्स पर समाप्त हुई। रैली में महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर के प्रमुख मार्गों पर महिला सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता से जुड़े संदेश प्रसारित किए।

इस दौरान हेल्पलाइन नंबर, महिला सुरक्षा कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन को दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात, पुलिस उपायुक्त नगर, ट्रांस हिंडन, मुख्यालय, लाइन्स, ग्रामीण व यातायात सहित सभी महिला अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी और महिला निरीक्षक/उपनिरीक्षक मौजूद रहे।

रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा। पुलिस ने संदेश दिया कि महिलाएं अब केवल सुरक्षा की जरूरतमंद नहीं, बल्कि उसकी प्रहरी भी हैं।





