यूपी – गाजियाबाद। फ्लैट ओनर फेडरेशन एवं आरडब्ल्यूए फेडरेशन की बैठक 133-बी, मॉडल टाउन ईस्ट स्थित मुख्यालय पर आयोजित हुई, जिसमें गृहकर वसूली को लेकर नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जताई गई। बैठक में डॉ. आर.के. आर्या, नेम पाल चौधरी, लेफ्टिनेंट कर्नल ओमवीर त्यागी, सुदीप साहू, मुकेश अग्रवाल, हेमंत यादव और कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी मौजूद रहे।
चेयरमेन कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि जब मेयर सुनीता दयाल ने स्पष्ट किया है कि गृहकर पुरानी दरों पर लिया जाएगा, तो गृहकर अधीक्षक द्वारा मुनादी कराकर 31 मार्च तक कर जमा न करने पर 12 प्रतिशत ब्याज की चेतावनी देना अनुचित है। उन्होंने इसे जनता को डराने का प्रयास बताया।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि मेयर के निर्णय की अनदेखी जनता का अपमान है। सभी पदाधिकारियों—डॉ. आर.के. आर्या, नेम पाल चौधरी, लेफ्टिनेंट कर्नल ओमवीर त्यागी, सुदीप साहू, मुकेश अग्रवाल और हेमंत यादव—ने लोगों से अपील की कि स्थिति स्पष्ट होने तक गृहकर जमा न करें।
फेडरेशन ने मेयर, नगर आयुक्त और शहर विधायक को पत्र भेजकर गृहकर में छूट की अवधि 30 अप्रैल 2026 तक बढ़ाने की मांग की है।





