यूपी – गाजियाबाद। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और जिला जनगणना अधिकारी/एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट ने की। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों के कार्मिकों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं। इन कार्मिकों की तैनाती जनगणना के दौरान प्रगणक और सुपरवाइजर के रूप में की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सूची तैयार करते समय योग्य, प्रशिक्षित और उपलब्ध कर्मचारियों का विवरण सही तरीके से दर्ज किया जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। जिला जनगणना अधिकारी सौरभ भट्ट ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी कर ली जाएं।
बैठक में जनगणना से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं और रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।





