यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास भवन प्रांगण में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच उपस्थित रहीं।

डॉ. मंजू सिवाच ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बीते नौ वर्षों में गांव से लेकर शहर तक विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है और जनसुविधाओं को बेहतर से उत्कृष्ट बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता केवल भवन या डॉक्टर से नहीं, बल्कि पूरे स्टाफ की जिम्मेदारी, निष्ठा और व्यवहार से तय होती है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। गोष्ठी में डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. अनिल यादव, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. आलोक रंजन, डॉ. जितेंद्र कुमार और डॉ. प्राची पाल ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं व जागरूकता विषयों पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में 9 आशा व 4 आशा संगिनी को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में बीपी, शुगर जांच और आयुष्मान कार्ड बनाए गए। बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।





