यूपी – गाजियाबाद, शालीमार गार्डन में समाधान शक्ति सामाजिक संस्था (पंजीकृत) द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बागपत के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया।
इस अवसर पर विधायक संजीव, वीरपाल मलिक (राजनीतिक सलाहकार, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी), पूर्व महापौर आशु वर्मा, रामपाल चौधरी (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय लोकदल), अरुण चौधरी भूलन (क्षेत्रीय महासचिव, राष्ट्रीय लोकदल), संयोजक पप्पू पहलवान, नवीन चौधरी, पराग तोमर, श्याम शर्मा, अनिल डागर, इंदु तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अंत में सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने और किसान हित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ‘चौधरी चरण सिंह अमर रहें’ के नारों के साथ संपन्न हुआ।





