सीबीएसई स्कूलों में महंगी किताबों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, एनसीईआरटी लागू करने की मांग

यूपी – गाजियाबाद/मोदीनगर। तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने सीबीएसई स्कूलों में महंगी प्राइवेट किताबें थोपे जाने के विरोध में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व सुनील शर्मा (पीसीएस सदस्य, उत्तर प्रदेश) ने किया।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि तहसील क्षेत्र के कई सीबीएसई स्कूल नर्सरी से कक्षा 12 तक प्राइवेट पब्लिकेशन की महंगी किताबें अनिवार्य कर अभिभावकों पर आर्थिक बोझ डाल रहे हैं। इससे शिक्षा की एकरूपता प्रभावित हो रही है, जबकि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं एनसीईआरटी आधारित होती हैं। कांग्रेस ने इसे कमीशनखोरी और उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताया।

कांग्रेस ने मांग की कि सत्र 2026-27 से सभी स्कूलों में केवल एनसीईआरटी/एससीईआरटी किताबें अनिवार्य की जाएं और प्राइवेट किताबों पर रोक लगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर जुर्माना और संबद्धता समाप्त करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही अभिभावकों को रिफंड और जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग उठाई गई।

चेतावनी दी गई कि मांगें नहीं मानी गईं तो 6 अप्रैल 2026 से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान चांद वीर चौधरी, रामकिशन शर्मा, रियासत सैफी, अभिषेक शर्मा, ओमपाल शर्मा, आत्म प्रकाश शर्मा, अरुण शर्मा, विनोद गुप्ता, राकेश सोनी और संजय शर्मा उपस्थित रहे।