यूपी – गाजियाबाद। महानगर के जटवाड़ा स्थित वाल्मीकि सभागार में महर्षि वाल्मीकि टेंपल ट्रस्ट एवं वाल्मिक बस्ती के पदाधिकारियों द्वारा भाजपा नेता, अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर गाजियाबाद के नवनियुक्त महामंत्री प्रदीप चौहान वाल्मीकि का स्वागत-अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नीरज वाल्मीकि ने किया।
आयोजन में संतोष वाल्मीकि, मनोज राजोरिया, शिवम मेहरा, शनि वाल्मीकि, धर्मवीर चढ़ा और अमित राष्ट्रवादी की प्रमुख भूमिका रही। मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए प्रदीप चौहान ने कहा कि वाल्मीकि समाज को भारतीय जनता पार्टी का साथ नहीं छोड़ना चाहिए, क्योंकि यही पार्टी समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने धारा 370 हटाने, अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाए जाने और डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने का श्रेय केंद्र सरकार को दिया।
उन्होंने पूर्व सरकारों पर वाल्मीकि समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में समाज को राजनीतिक भागीदारी और सम्मान मिल रहा है। कार्यक्रम में मनवीर रावत, राजेंद्र चौहान, कर्मवीर वाल्मीकि, संजय छजलानी, शिवाय मातृशक्ति सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





