यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप 5 अप्रैल को प्रस्तावित महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ को भव्य बनाने के लिए लगातार जनसंपर्क में जुटे हैं। वे कश्यप निषाद समाज को संगठित करने के लिए विभिन्न बैठकों, संवाद कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस महाकुंभ में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी की संभावना है, जिसमें सामाजिक एकजुटता और सशक्तिकरण पर विशेष जोर रहेगा।

ईद-उल-फितर के अवसर पर भी उनका जनसंपर्क अभियान जारी रहा। उन्होंने पटेल नगर में भाजपा नेता रियाशुदीन सलमानी, कैला भट्टा में खालिद कुरैसी, प्रताप विहार में समशाद सिद्दीकी, हिंडन विहार में जमालुद्दीन अलवी और मानसी विहार में डॉ. एजाज़ समीम से मुलाकात कर त्योहार की बधाई दी और भाईचारे का संदेश दिया।

इसके अलावा सिब्बनपुरा में महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सुनील कश्यप के आवास पर बैठक की तथा विजयनगर में ओमप्रकाश कश्यप से संवाद किया। भोपुरा मंडल के प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।





