यूपी – शाहजहांपुर, 20 मार्च। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 26 मार्च 2026 तक चलेगी, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया गया है।

प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागीय कार्यों की सराहना की तथा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को लाभ वितरित किया। दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, किसानों को ट्रैक्टर की चाबी व नि:शुल्क बीज, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को चेक प्रदान किए गए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 59 समूहों को 88.50 लाख रुपये सीआईएफ तथा 75 लाख रुपये बीआरएफ के चेक वितरित किए गए। बाल विकास विभाग के तहत गोद भराई व अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।

नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार के 9 वर्ष उपलब्धियों से भरे रहे हैं और उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा व सुशासन की दिशा में आगे बढ़ा है। इस दौरान सांसद अरुण कुमार सागर, जिला अध्यक्ष केसी मिश्रा, नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, विधायक चेतराम, वीर विक्रम सिंह, सलोना कुशवाहा, हरि प्रकाश वर्मा, डीपीएस राठौर, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र व सीडीओ अपराजिता सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





