यूपी – गाजियाबाद। युवा कांग्रेस के ज़िलाध्यक्ष आसिफ़ सैफी ने कंगना रनौत द्वारा राहुल गांधी पर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे पूरी तरह निराधार, दुर्भावनापूर्ण और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास बताया।
आसिफ़ सैफी ने कहा कि राहुल गांधी देश के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं जो लगातार जनता के अधिकारों और सच्चाई की लड़ाई लड़ते रहे हैं। उन्होंने हमेशा महिलाओं के सम्मान और सामाजिक मूल्यों को प्राथमिकता दी है। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है।
उन्होंने आगे कहा कि युवा कांग्रेस इस बयान का पुरजोर विरोध करती है और कंगना रनौत से मांग करती है कि वे देश की जनता और राहुल गांधी से तुरंत माफी मांगें। सैफी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की बयानबाज़ी राजनीति को गलत दिशा में ले जाती है और समाज में गलत संदेश देती है।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि इस प्रकार की टिप्पणियां की जाती हैं तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।





