यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने हिंडन नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर जलकल विभाग द्वारा सिटी फॉरेस्ट से इंदिरापुरम एनएच-9 तक लगभग 9 किलोमीटर क्षेत्र में जलकुंभी और खरपतवार हटाने का कार्य किया जा रहा है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि यह अभियान पहली बार इतने बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। डिवाइडर मशीनों की मदद से नदी की सफाई तेजी से की जा रही है, जिससे जल में ऑक्सीजन स्तर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद के नेतृत्व में टीम लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नदी में पूजन सामग्री और अन्य अपशिष्ट डालने पर रोक लगाई गई है, साथ ही किनारों पर भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान में सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। जलकल और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं तथा वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रथम चरण में यह अभियान तीन माह तक चलेगा।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नदी को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।





