नई दिल्ली। राजधानी के पालम क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में नौ लोगों की मौत के बाद शोक का माहौल है। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप गुरुवार को घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

मंत्री ने स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रशासनिक अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा राहत-बचाव कार्यों और घायलों के इलाज की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में अपनों को खोने का दर्द असहनीय है और सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है।

नरेंद्र कश्यप ने बताया कि वह दिल्ली की मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर पीड़ितों को आर्थिक सहायता व पुनर्वास दिलाने के लिए पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि यदि मृतक या घायल उत्तर प्रदेश से हैं, तो उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
हादसे में राजेंद्र कश्यप और उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत से कश्यप समाज में भी शोक है। मंत्री ने उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।





