यूपी – गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में वरदान मल्टीस्पेश्यलिटी हॉस्पिटल और रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद मिडटाउन के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 56 विद्यार्थियों और शिक्षण स्टाफ ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मेवाड़ ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया, महासचिव अशोक कुमार सिंघल, निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल तथा रोटरी क्लब के अध्यक्ष अतुल ठाकुर, सचिव राजीव साधना, प्रोजेक्ट चेयरमैन दिनेश गर्ग और सदस्य संदीप गोयल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
रक्तदान से पूर्व सभी प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रक्तदान के बाद वरदान हॉस्पिटल की ओर से प्रमाण पत्र, उपहार और फल वितरित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को रक्तदान के लाभ भी बताए गए, जिसमें नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण, हिमोग्लोबिन में वृद्धि और कई बीमारियों के जोखिम में कमी शामिल है।
शिविर में मेवाड़ की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में 20 स्वयंसेवकों ने सेवाएं दीं।
रक्तदान प्रक्रिया को वरदान हॉस्पिटल के कोऑर्डिनेटर इंचार्ज विक्रांत सिंह और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न कराया।





