यूपी – गाजियाबाद में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एआईडीडब्ल्यूए) की टीम ने कड़कड़ मॉडल गांव और काशीराम योजना कॉलोनी में घर-घर जाकर महिलाओं से जनसंपर्क किया। अभियान का उद्देश्य रसोई गैस की किल्लत और उससे हो रही समस्याओं का जायजा लेना था।
महिलाओं ने बताया कि लंबे समय से गैस सिलेंडर की कमी बनी हुई है। समय पर बुकिंग के बावजूद डिलीवरी में देरी हो रही है, जिससे घर का चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। कई महिलाओं ने कालाबाजारी की आशंका भी जताई। गैस की कीमतों में अस्थिरता और आपूर्ति बाधित होने से गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।
समिति की जिलाध्यक्ष नीरु सिंह सेंगर ने कहा कि एक ओर उज्ज्वला योजना का प्रचार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर महिलाएं गैस के लिए परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन और गैस एजेंसियों से आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में नियमित डिलीवरी सुनिश्चित करने की मांग की।
जिला सचिव भावना त्यागी ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान बसंती देवी, दर्शनी, टूना देवी, लीलावती सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।





