यूपी – अलीगढ़ में चैत्र नवरात्रि और नवसंवत्सर के अवसर पर वैदिक ज्योतिष संस्थान के तत्वावधान में जीटी रोड चिकावटी स्थित विश्व कल्याण सेवा संस्थान के श्री विद्या धाम आश्रम पर 14 दिवसीय श्री शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी पूर्णानंदपुरी और ठाकुर धीरू सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
चिकावटी और आसपास के गांवों की लगभग 100 महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर गंगाजल युक्त कलश रखकर यात्रा में भाग लिया। श्रद्धालु हाथों में ध्वज पताका लेकर हरिनाम संकीर्तन और भजनों पर नाचते-गाते हुए पूरे क्षेत्र में भ्रमण करते रहे।
स्वामी पूर्णानंदपुरी ने कहा कि चैत्र नवरात्रि से सनातन नववर्ष का आरंभ होता है और यह महायज्ञ समाज में सद्भाव, समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कलश यात्रा को एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक बताया।
मुख्य संयोजक तेजवीर सिंह ने बताया कि अगले दिन कलश पूजन, स्थापना और आचार्य गौरव शास्त्री के सानिध्य में अरनी मंथन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भंडारा प्रसादी का आयोजन भी हुआ, जिसमें शिवप्रकाश अग्रवाल, जितेंद्र गोविल, रूबी वर्मा, उमेश वर्मा, नवीन वार्ष्णेय, जसवंत ठाकुर, उमेश ठाकुर, गणेश वार्ष्णेय, नवीन चौधरी, डौली जादौन, राकेश सक्सेना, पवन तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।





