गाजियाबाद के बाजारों में बढ़ता अतिक्रमण, राहगीरों और छात्राओं को हो रही परेशानी

यूपी – गाजियाबाद के पुराने और प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही है। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। घंटाघर, प्यारेलाल पार्क और घंटाघर सब्जी मंडी के आसपास सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण इस कदर बढ़ गया है कि खासकर महिलाओं और छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी तो कई जगह लगी रहती है, लेकिन ध्यान केवल चालान काटने तक सीमित रहता है। अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई देती। कन्या वैदिक स्कूल के आसपास स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां छुट्टी के समय छात्राओं को निकलने तक में दिक्कत होती है।

आरोप है कि सड़कों पर अवैध कब्जा करने वाले कुछ लोग छात्राओं पर टिप्पणी भी करते हैं, जिससे असुरक्षा का माहौल बनता है। वहीं बाजारों में बने सार्वजनिक शौचालयों के बाहर भी अतिक्रमण के कारण महिलाओं का आना-जाना मुश्किल हो गया है।

व्यापारियों द्वारा रविवार को लगने वाले पेठ बाजार को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। नगर निगम द्वारा पूर्व में अतिक्रमण न होने देने के आश्वासन के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।