यूपी – गाजियाबाद में 5 अप्रैल को महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर कश्यप निषाद समाज का भव्य महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए कश्यप निषाद समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप लगातार विभिन्न जिलों में जनसंपर्क कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस महाकुंभ में उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों से हजारों लोग शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और इसे समाज की एकता व शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए नरेंद्र कश्यप ने लखनऊ, मैनपुरी, कासगंज और गाजियाबाद समेत कई जिलों का दौरा शुरू किया है। दौरे के दौरान वे समाज के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दे रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत उन्होंने लखनऊ से मैनपुरी के बेवर स्थित बांके बिहारी मंदिर में समाज के लोगों से मुलाकात की, कासगंज में संवाद किया और अलीगढ़ मंडल के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अमांपुर के बीआरवी फार्म में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता के साथ गाजियाबाद में आर्य समाज के समरसता सम्मेलन में भी शामिल होंगे।
महाकुंभ में शिक्षा, सामाजिक भागीदारी, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और संगठन विस्तार जैसे मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर की रणनीति तय की जाएगी।





