यूपी – गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को मुरादनगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में लगभग 78 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया।

जीडीए के अनुसार खसरा संख्या 642, ग्राम सीकरी खुर्द, माता मंदिर रोड मोदीनगर में सोहनवीर सिंह, बलदेव सिंह, मनीष कुमार पुत्र विपत्ति सिंह, टेकराम पुत्र रामबल, जुगतू सिंह पुत्र नेकीराम और राजेन्द्र पुत्र रामपाल द्वारा करीब 28 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं खसरा संख्या 442 व 492 हापुड़ रोड मोदीनगर में कुलदीप पुत्र जयराज और अशोक पुत्र सत्यपाल द्वारा लगभग 25 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध निर्माण किया जा रहा था।
इसके अलावा खसरा संख्या 335/2 ग्राम बिसोखर में राजेन्द्र सिंह पुत्र नाहर सिंह, अनिरुद्ध कुमार और नितिन चौधरी पुत्र स्व. सतेन्द्रपाल सिंह, सविता देवी पत्नी स्व. सतेन्द्रपाल सिंह तथा चन्द्रवीर पुत्र सरदार द्वारा करीब 17 हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। खसरा संख्या 639 ग्राम सीकरी खुर्द में मंजीत सिंह, संजय पुत्र जयपाल और राजीव चौधरी द्वारा करीब 6700 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध निर्माण पाया गया।
प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।





