यूपी – गाजियाबाद। गैस आपूर्ति व्यवस्था, कालाबाजारी पर रोक और शहर के विकास कार्यों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने शुक्रवार को जल निगम अतिथि गृह में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद लाल उपस्थित रहे। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने अधिकारियों से कहा कि गैस एजेंसियों पर व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और यदि कहीं अव्यवस्था या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो प्रशासन और पुलिस तत्काल सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि गैस की कमी या वितरण में गड़बड़ी से समाज में गलत संदेश नहीं जाना चाहिए और जनता को समय पर सुविधा मिलनी चाहिए।
बैठक में शहर के विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने मुख्य विकास अधिकारी और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को विकास परियोजनाओं की गति तेज करने और जनता को राहत देने वाले कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। विशेष रूप से हरनांदीपुरम समेत प्राधिकरण की प्रमुख योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
मंत्री ने जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत करने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।





