
यूपी – गाजियाबाद। बहुजन समाज पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोज कुमार जाटव के दूसरी बार जिला अध्यक्ष बनने पर बुधवार को राजनगर आरडीसी स्थित बसपा के जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मनोज कुमार जाटव बहुजन समाज पार्टी के निष्ठावान, समर्पित और मिशनरी कार्यकर्ता हैं। उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती से आशीर्वाद प्राप्त है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में गाजियाबाद जनपद में पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा बहुजन समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।

स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मनोज कुमार जाटव का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम में एडवोकेट राजबहादुर, जिला सचिव गोपाल जाटव, मिंटू जाटव, मनोज कुमार तिलकधारी, विधानसभा प्रभारी आशीष कुमार जाटव, तेजपाल जाटव, मोदीनगर से पूर्व विधायक प्रत्याशी धर्मपाल प्रधान, लोनी से धीर सिंह, चतरे जाटव सहित बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

