
यूपी – लखनऊ। उत्तर प्रदेश खो-खो वेलफेयर एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उत्तर प्रदेश पुलिस की पुरुष एवं महिला खो-खो टीम तथा 41वीं पीएसी बटालियन द्वारा गर्मजोशी एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में खो-खो खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और प्रदेश में खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय पर चर्चा की गई। एसोसिएशन की ओर से उपाध्यक्ष डॉ. अरुण त्यागी, महासचिव भूपेंद्र सिंह, सचिव डॉ. प्रवीण कुमार, संयुक्त सचिव विपिन राणा, संयुक्त सचिव विनय कुमार जायसवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य कपिल शर्मा उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से खो-खो कोच इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और सब-इंस्पेक्टर सुधाकर सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की। पदाधिकारियों ने पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों से उनके खेल अनुभव और प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी ली तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पदाधिकारियों ने पुलिस टीम और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, पुलिस विभाग और खेल संगठनों के सामूहिक प्रयास से उत्तर प्रदेश के खो-खो खेल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई जा सकती है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

