यूपी – गाजियाबाद, 14 मार्च। बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर प्रदेशभर में हुए विरोध कार्यक्रम के तहत गाजियाबाद में जिला उपाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
इस दौरान विजय शर्मा ने कहा कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हाल ही में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 120 रुपये की बढ़ोतरी से आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है।
विजय शर्मा ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली करीब 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात होती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद सरकार ने आपूर्ति संकट से निपटने के लिए ठोस रणनीति नहीं बनाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल कम खरीदने से देश को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
प्रदर्शन में प्रदेश प्रवक्ता तरुणिमा श्रीवास्तव, मुकेश प्रजापति, जतिन शर्मा, स्वतंत्र यादव, एसपी सिसोदिया, पीयूष राठी, कृष्णा झा, रजनीश तेवतिया, रविंद्र कुमार, कुशल गोयत, संजय सिंह, सोढ़ी सिंह और अखिलेश कुमार गौतम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।





