गाजियाबाद में संत निरंकारी मिशन के रक्तदान शिविर में 165 श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान

यूपीगाजियाबाद। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन, संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा, द्वारा रविवार को संत निरंकारी सत्संग भवन के प्रांगण में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में 165 श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा और निस्वार्थ भाव से रक्तदान किया।

रक्त संग्रहण के लिए जिला अस्पताल (एमएमजी अस्पताल), गाजियाबाद के ब्लड बैंक तथा दिल्ली स्थित गुरु तेग बहादुर ब्लड बैंक की टीमें मौजूद रहीं। रक्तदान से पूर्व चिकित्सकों की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की।

कार्यक्रम में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे अमूल्य दान है और मानवता की भलाई के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने संत निरंकारी मिशन की निस्वार्थ सेवा भावना की सराहना की।

संत निरंकारी मंडल के मेडिकल विभाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. नरेश अरोड़ा ने कहा कि रक्तदान मानवता, सेवा और एकत्व के संदेश को साकार करने का माध्यम है। वहीं ब्रांच संयोजक सतीश गांधी ने अतिथियों, रक्तदाताओं और चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया।

संत निरंकारी मिशन वर्ष 1986 से रक्तदान शिविर आयोजित करता आ रहा है। मिशन के अनुसार अब तक 9,325 शिविरों के माध्यम से 15,03,220 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। पूर्व सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी का संदेश—“रक्त नालियों में नहीं, नाड़ियों में बहना चाहिए”—मिशन की सेवा भावना का आधार बना हुआ है।