यूपी – गाजियाबाद में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने जनपद के भ्रमण के दौरान पर्यटन विभाग की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और महंत नारायण गिरी महाराज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व मंत्री और अन्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिन्ह और पटका पहनाकर स्वागत किया गया।

लोकार्पित परियोजनाओं में दूधेश्वर नाथ मंदिर के पर्यटन विकास कार्य पर 552.25 लाख रुपये, मुरादनगर के ग्राम कुन्हैड़ा स्थित भगवान परशुराम मंदिर के विकास पर 92.50 लाख रुपये तथा मोदीनगर स्थित सीकरी महामाया मंदिर के विकास पर 70.50 लाख रुपये खर्च किए गए। इन परियोजनाओं की कुल लागत 715.25 लाख रुपये है।
इसके अलावा साहिबाबाद वार्ड-31 सिहानी स्थित प्राचीन शिव मंदिर के विकास कार्य (113.11 लाख रुपये), मोदीनगर निवाड़ी स्थित चुकाय वाली माता मंदिर (74.45 लाख रुपये) और मुरादनगर के ग्राम असालत नगर स्थित हनुमान मंदिर (94.18 लाख रुपये) के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया, जिनकी कुल लागत 281.74 लाख रुपये है।
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापक विकास कार्य हुए हैं। अयोध्या में राम मंदिर और काशी में विश्वनाथ मंदिर के भव्य स्वरूप के साथ प्रदेश के अनेक पर्यटन स्थलों का सुदृढ़ीकरण हुआ है, जहां लाखों पर्यटक पहुंचकर पर्यटन का आनंद ले रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने मीडिया से भी वार्ता की।





