यूपी – गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हरनंदीपुरम आवासीय योजना को किसानों के सहयोग से लगातार गति मिल रही है। 12 मार्च 2026 को योजना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के किसान प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और उपाध्यक्ष के समक्ष लगभग 7 हेक्टेयर भूमि के लिए सामूहिक रूप से सहमति पत्र सौंपे। इस दौरान किसानों और प्राधिकरण अधिकारियों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ, जिसमें किसानों ने क्षेत्र के नियोजित विकास में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।
प्राधिकरण के अनुसार अब तक हरनंदीपुरम योजना के लिए करीब 130 हेक्टेयर भूमि पर किसानों की सहमति प्राप्त हो चुकी है। इसके अलावा आपसी सहमति के आधार पर लगभग 82 हेक्टेयर भूमि के बयाने और रजिस्ट्री भी कराए जा चुके हैं। भूमि क्रय की प्रक्रिया लगातार जारी है और आने वाले समय में इसमें और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
लगभग 500 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाली हरनंदीपुरम योजना के अंतर्गत आधुनिक आवासीय सेक्टर, सुव्यवस्थित सड़क नेटवर्क, हरित क्षेत्र, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं और अन्य शहरी आधारभूत ढांचे का विकास किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत करीब 400 करोड़ रुपये की धनराशि भी उपलब्ध कराई है, जिससे भूमि क्रय और प्रारंभिक अवसंरचना विकास कार्यों को गति मिल रही है।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने किसानों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के हितों का ध्यान रखते हुए योजना को तेजी से विकसित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बेहतर आवासीय सुविधाएं और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारी और योजना क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।





