हाउस टैक्स वृद्धि पर जनप्रतिनिधि कर रहे हैं गुमराह : अमित गोयल
यूपी – गाजियाबाद। शहर में प्रस्तावित हाउस टैक्स वृद्धि को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों ने जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और महापौर सुनीता दयाल जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर हाउस टैक्स बढ़ाने पर आमादा हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
कांग्रेस महानगर महासचिव एवं सिटी जॉन प्रभारी अमित गोयल के अनुसार हाउस टैक्स में अप्रत्याशित वृद्धि से मध्यम और निम्न वर्ग के परिवारों की कमर टूट जाएगी और लोगों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पार्टी का कहना है कि चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे करने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता अब सत्ता में आने के बाद उन्हीं लोगों पर टैक्स का बोझ डाल रहे हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि टैक्स वृद्धि को लेकर कभी नगर आयुक्त पर जिम्मेदारी डालने, कभी अदालत के आदेश का हवाला देने और कभी अलग-अलग प्रतिशत छूट की बात कहकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर जनता में भारी नाराजगी है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पार्टी गाजियाबाद की जनता के साथ खड़ी है और हाउस टैक्स वृद्धि के खिलाफ आंदोलन चलाकर लोगों को राहत दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।





