रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
यूपी – गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की एनएसएस इकाई का सात दिवसीय विशेष सेवा शिविर साहिबाबाद गांव के कंपोजिट विद्यालय में शुरू हो गया। शिविर की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान और परिसर की साफ-सफाई से की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वयंसेविकाओं ने सरस्वती वंदना और एनएसएस लक्ष्य गीत की प्रस्तुति दी।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुदेश कुमारी, संस्थान के शिक्षा विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर देवेंद्र उपाध्याय तथा फिजिकल एजुकेशन विभाग के विक्रांत तोमर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। प्रथम सत्र में “पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य” विषय पर स्वयंसेवकों ने स्लोगन और पंपलेट तैयार किए। इनमें स्वच्छता, प्लास्टिक के कम उपयोग, कूड़ा प्रबंधन, नालियों की सफाई, जलभराव की समस्या, मच्छर-मक्खियों से होने वाले रोगों से बचाव, पौधारोपण, शुद्ध पेयजल और जल संरक्षण जैसे विषयों को चित्रों व संदेशों के माध्यम से समझाया गया।

मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने स्कूली बच्चों को भी जागरूक किया तथा कक्षाओं में शिक्षण कार्य में सहयोग किया। विद्यार्थियों के साथ सामूहिक खेल गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
दूसरे सत्र में गांव के मुख्य मार्गों पर पर्यावरण और स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई तथा घर-घर जाकर पंपलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर में मनीष कुमार, दुष्यंत राघव, प्रियांश आर्य, अंजलि कुमारी, आयुष मिश्रा, कंगना, मीनल और अमन पांडे सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग दिया।





