यूपी – गाजियाबाद। कंपनी बाग घंटाघर स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद कार्यालय में 28 फरवरी 2026 को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव ने की, जबकि संचालन त्रिलोक सिंह और अमित बांटी ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में पूर्व सांसद सत्य बहन, पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, दीपक जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, बिजेंद्र यादव, कॉर्डिनेटर अजय चौधरी और राजकुमार पंडित सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लेकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
वक्ताओं ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। कांग्रेस की “मोहब्बत की दुकान” की भावना के अनुरूप महानगर कार्यालय में सामूहिक रूप से उत्सव मनाकर समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यालय सचिव बबलू शर्मा के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समारोह में वरिष्ठ और युवा नेताओं की सक्रिय सहभागिता रही।






