यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष वीरेन्द्र यादव एडवोकेट ने नगर निगम द्वारा की गई गृहकर वृद्धि को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि बेतहाशा बढ़ाए गए गृहकर से महानगर के लगभग छह लाख व्यापारी, नागरिक और कमजोर वर्ग के गृहस्वामी प्रभावित हैं।
वीरेन्द्र यादव एडवोकेट का आरोप है कि नगर निगम अधिकारियों और महापौर से लगातार बढ़ोतरी वापस लेने की मांग के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में उत्तर प्रदेश के दो मंत्री, पांच विधायक और 75 पार्षद गाजियाबाद के निवासी हैं, इसके बावजूद जनहित के इस मुद्दे पर उदासीनता बरती जा रही है।
महानगर अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर बढ़ा हुआ गृहकर वापस नहीं लिया गया तो पार्टी नगर निगम का घेराव और चक्का जाम करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के मार्ग पर चलते हुए आंदोलन करेगी। किसी भी अव्यवस्था की जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।






