यूपी – गाजियाबाद। शालीमार गार्डन स्थित शहीद स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान ने किया। कार्यकर्ताओं ने सावरकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण किया।
पप्पू पहलवान ने कहा कि सावरकर का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अपने विचारों और कार्यों से देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की तथा स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में डीएन कॉल, भुषण लाल, जितेंद्र कुमार, सुभाष, महेंद्र अग्रवाल, योगराज और गौरव सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सावरकर के दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ।






