ग्राम मोरटा हमतुम रोड पर 33 बीघा अवैध कॉलोनियों पर प्राधिकरण की ध्वस्तीकरण कार्रवाई

यूपी – गाजियाबाद, 26 फरवरी 2026। अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने प्रवर्तन जोन-01 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-01 के नेतृत्व में ग्राम मोरटा हमतुम रोड पर लगभग 33 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान सचिन चौधरी द्वारा लगभग 8 बीघा, मनोज त्यागी आदि द्वारा लगभग 20 बीघा तथा सनी शर्मा द्वारा ग्राम सिकरोड, खेतान पब्लिक स्कूल के निकट लगभग 5 बीघा भूमि पर काटी जा रही कॉलोनियों में बनाई गई सड़कों, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस, बिजली के खंभों एवं सनी शर्मा द्वारा निर्मित सीवर टैंक को ध्वस्त कर दिया गया।

ध्वस्तीकरण के समय कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण प्रवर्तन दस्ता और पुलिस बल की मौजूदगी में प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी अवैध निर्माण हटाए गए। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-1 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन टीम उपस्थित रही। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।