यूपी – गाजियाबाद, 26 फरवरी 2026। अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने प्रवर्तन जोन-03 क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में प्रभारी प्रवर्तन जोन-03 के नेतृत्व में मोरटा इंडस्ट्रियल एरिया, मेरठ रोड तथा एनडीआरएफ सदरपुर रोड स्थित बालाजी एन्कलेव के निकट चल रहे अनाधिकृत निर्माणों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर अभियान जारी रखा गया। जीडीए की टीम ने निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे निर्माणों को ध्वस्त करते हुए संबंधित परिसरों को सील कर दिया।
अभियान के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, संबंधित सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल तथा प्राधिकरण पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहे। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






