यूपी – गाजियाबाद। प्रताप विहार सेक्टर-11 में संस्था संचालन को लेकर चल रहे असंतोष के बीच क्षेत्रवासियों ने नई रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) का गठन कर लिया है। निवासियों ने बैठक कर “प्रताप विहार सेक्टर 11 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन” के गठन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।

इसके बाद पदाधिकारियों ने सोसायटी पंजीकरण अधिनियम 1860 (अधिनियम संख्या 21) के तहत आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए पंजीकरण के लिए आवेदन किया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूर्ण होने पर 25 फरवरी 2026 को डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स कार्यालय द्वारा संस्था को पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया, जिससे नई आरडब्ल्यूए को आधिकारिक मान्यता मिल गई।
संरक्षक सलेक चंद शर्मा और सुंदर लाल भाटी ने बताया कि नई संस्था पारदर्शिता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर कार्य करेगी। इसका उद्देश्य आपसी समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना और सभी निवासियों को सदस्यता का अवसर देना है।
पंजीकरण के बाद सेक्टर-11 के ए, बी, सी, डी, ई, एफ और जी ब्लॉकों के गणमान्य लोगों की बैठक हुई, जिसमें संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेजेश चौहान व अन्य पदाधिकारियों ने सहयोग की अपील करते हुए सेक्टर को आदर्श आवासीय क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया।






