यूपी – गाजियाबाद। भारतीय रेलवे में यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की प्लास्टिक पैकिंग को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। एक वायरल वीडियो में रोटियां साधारण पॉलिथीन में पैक कर परोसते दिखाया गया, जिसके बाद व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले में हर्ष ईएनटी हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.पी. त्यागी ने इसे गंभीर विषय बताया। उन्होंने कहा कि गर्म भोजन को सामान्य प्लास्टिक या पॉलिथीन में पैक करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। उच्च तापमान पर प्लास्टिक के रासायनिक तत्व सक्रिय होकर भोजन में मिल सकते हैं, जो लंबे समय में पाचन विकार, एलर्जी, हार्मोन असंतुलन और अन्य आंतरिक बीमारियों का कारण बन सकते हैं।
डॉ. त्यागी ने कहा कि रेलवे प्रतिदिन करोड़ों यात्रियों को सेवा देता है, इसलिए खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन आवश्यक है। उन्होंने प्रमाणित, तापरोधी और खाद्य-सुरक्षित पैकेजिंग के उपयोग की सलाह दी। साथ ही पर्यावरणीय दृष्टि से प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए जैविक रूप से विघटित होने वाली सामग्री अपनाने की बात कही।
उन्होंने संबंधित विभागों से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।






