यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी हनंदीपुरम योजना ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रथम चरण के अंतर्गत अब तक लगभग 76 हेक्टेयर भूमि किसानों से आपसी सहमति के आधार पर बैनामा कराकर प्राधिकरण के पक्ष में क्रय की जा चुकी है। वहीं करीब 128 हेक्टेयर भूमि के लिए किसानों से सहमति प्राप्त हो चुकी है और उसकी खरीद प्रक्रिया सक्रिय रूप से जारी है।
भूमि क्रय की प्रगति की समीक्षा के लिए प्राधिकरण सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त सचिव, तहसीलदार (प्रभारी भू-अर्जन विभाग), लेखपाल एवं अमीन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सहमति प्राप्त प्रकरणों की स्थिति और प्रथम फेज को समयबद्ध रूप से लॉन्च करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रथम चरण के प्रथम फेज हेतु आवश्यक भूमि क्रय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा 128 हेक्टेयर सहमति भूमि की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। योजना के अंतर्गत आधुनिक सड़कें, हरित पट्टियां, सामुदायिक सुविधाएं और सुव्यवस्थित आवासीय विकास प्रस्तावित है। हनंदीपुरम योजना को गाजियाबाद के नियोजित और संतुलित शहरी विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






