यूपी – गाजियाबाद। अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मंगलवार को मुरादनगर क्षेत्र के दुहाई और सैतली गांव में लगभग 20 बीघा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई।

जीडीए की प्रवर्तन टीम को मौके पर जांच के दौरान पता चला कि कॉलोनी का विकास बिना स्वीकृत मानचित्र और वैध अनुमति के किया जा रहा था। पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों की अनदेखी जारी रहने पर प्राधिकरण ने बुलडोजर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान साइट कार्यालय, अस्थायी निर्माण और अन्य अवैध संरचनाओं को जेसीबी मशीनों से गिरा दिया गया। मौके पर सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-02 का समस्त स्टाफ तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन से अपील की गई है कि भूखंड या संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें। भविष्य में भी ऐसे अभियानों को निरंतर जारी रखा जाएगा।






