यूपी – गाजियाबाद। जिला प्रशासन द्वारा 10 मार्च 2026 को प्रातः 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक Radisson Blu Hotel में “गाजियाबाद सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली स्थित प्रबंधन परामर्श फर्म Saarthak Collective के साथ रणनीतिक साझेदारी में किया जा रहा है।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य जनपद में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) निवेश और सस्टेनेबिलिटी पहलों को जिला प्रशासन की विकास प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए एक समन्वित और परिणामोन्मुख ढांचा तैयार करना है। इसमें शिक्षा व कौशल विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य व टेलीहेल्थ, भूजल पुनर्भरण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पशु कल्याण, ग्रामीण आजीविका तथा डीकार्बोनाइजेशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम को Dabur Red Paste द्वारा पावर्ड किया जा रहा है। प्रमुख साझेदारों में Continental Carbon India, Summercool Technologies, Hamdard Laboratories, Shriram Pistons & Rings तथा HDFC Bank शामिल हैं। कॉन्क्लेव में प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग प्रतिनिधियों, एमएसएमई व नागरिक संगठनों की भागीदारी अपेक्षित है।






