यूपी – गाजियाबाद। आगामी होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में व्यापक अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य का मिलावटी पनीर और खोया नष्ट कराया।
23 फरवरी की रात बहरामपुर, विजय नगर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार वर्मा, अरुण कुमार और अवधेश पाराशर की टीम ने राजस्थान व अलीगढ़ से लाए गए 840 किलोग्राम संदिग्ध पनीर (मूल्य 2,52,000 रुपये) को जब्त कर नष्ट किया तथा नमूने जांच के लिए भेजे। 24 फरवरी को राजनगर एक्सटेंशन में महेन्द्र प्रताप सिंह और नरेन्द्र कुमार की टीम ने मेरठ से आए 430 किलोग्राम पनीर (मूल्य 1,17,000 रुपये) को नष्ट कराया।
इसी दिन ट्रोनिका सिटी, लोनी में दर्पण कुमार, मुकेश शर्मा और देवांश चतुर्वेदी की टीम ने संयुक्त मजिस्ट्रेट लोनी के निर्देशन में 200 किलोग्राम दुर्गंधयुक्त खोया (मूल्य 60,000 रुपये) नष्ट कराया तथा नमूने जांच को भेजे। अब तक कुल 29 नमूने क्षेत्रीय जनविश्लेषक प्रयोगशाला को भेजे जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आशुतोष राय ने दी।






