यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद में 24 फरवरी को नवचेतना महिला मंच द्वारा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर थायराइड एवं हड्डियों की जांच का लाभ उठाया।
शिविर में डॉ. सरला मेहता की अगुवाई में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. वी.बी. जिंदल ने उपस्थित महिलाओं को सीपीआर देने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया तथा बताया कि किन परिस्थितियों में और किसे सीपीआर देना आवश्यक होता है। डॉ. अरुणा अग्रवाल ने कमर दर्द से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. सीमा वाष्र्णेय और डॉ. रश्मि शर्मा ने महिलाओं में मेनोपॉज से जुड़ी शारीरिक एवं मानसिक बदलावों पर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम के अंत में नवचेतना महिला मंच की अध्यक्षा वर्षा गोयल ने सभी चिकित्सकों और आईएमए टीम का आभार व्यक्त किया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अल्पना कंसल एवं सचिव डॉ. राजीव त्यागी ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। आगामी शिविर 18 मार्च को इंडो जर्मन अस्पताल तथा 22 मार्च को धर्मार्थ औषधालय, शिव मंदिर, सीईएफ नेहरू नगर में आयोजित किए जाएंगे।






