यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद। दिनांक 24 फरवरी 2026 को सुबह 10:28 बजे साहिबाबाद कंट्रोल रूम को साइट-4 स्थित आइंस्टाइन फैक्ट्री, प्लाट संख्या A-10 में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन साहिबाबाद से दो फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि फैक्ट्री परिसर में आग लगी हुई है और कर्मचारी प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे।

फायर सर्विस यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एमएफई से पम्पिंग कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। फैक्ट्री स्टाफ ने बताया कि एल्यूमिनियम की कटिंग के दौरान निकली चिंगारी से फर्श पर पड़ी एल्यूमिनियम डस्ट में आग लग गई थी, जिससे आग तेजी से फैलने लगी।
अग्निशमन कर्मियों की सूझबूझ और तत्परता के चलते आग पर शीघ्र ही पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और समय रहते कार्रवाई से संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया। अग्निशमन कार्य पूर्ण करने के बाद फायर सर्विस टीम ने फैक्ट्री प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और वापस फायर स्टेशन लौट गई।






