यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 14 वर्ष बाद विकसित की गई नई आवासीय योजना “नंदग्राम भूखण्डीय योजना” के ब्रॉशर का विमोचन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यह योजना जनपद गाजियाबाद के ग्राम नूरनगर, नंदग्राम (खसरा संख्या 96 एवं 97) में विकसित की जा रही है।
प्राधिकरण के अनुसार यह योजना नागरिकों को नियोजित एवं पारदर्शी प्रणाली के अंतर्गत आवासीय भूखण्ड प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। योजना में 60 वर्ग मीटर से 221 वर्ग मीटर तक के भूखण्ड उपलब्ध होंगे, जिनकी दर 79,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। परियोजना का आरईआरए पंजीकरण संख्या UPRERAPRJ932839/02/2026 है।
भूखण्डों का आवंटन पूर्णतः पारदर्शी ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार होंगे। पंजीकरण धनराशि भूखण्ड मूल्य का 10 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के लिए 5 प्रतिशत निर्धारित है। शेष राशि 8 त्रैमासिक किस्तों में 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित देय होगी। पूर्ण भुगतान एवं रजिस्ट्री के पश्चात 36 माह के भीतर कब्जा प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना सुनियोजित शहरी विकास को नई गति देगी और डिजिटल प्रक्रिया से नागरिकों का विश्वास मजबूत होगा।






