यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में सदन कक्ष एवं कार्यकारिणी कक्ष के जीर्णोद्धार के उपरांत उनका लोकार्पण महापौर सुनीता दयाल ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, समस्त पार्षदगण व निगम अधिकारी उपस्थित रहे। पार्षदों ने नव सुसज्जित और सुविधाजनक सदन कक्ष को देखकर महापौर एवं नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया तथा निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी को धन्यवाद दिया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि आग लगने की घटना के बाद सदन कक्ष पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। विद्युत वायरिंग सहित अन्य व्यवस्थाएं नष्ट हो गई थीं, जिन्हें पूरी तरह बदला गया है। सदन कक्ष को नया स्वरूप देते हुए फर्नीचर, एसी, अलग इलेक्ट्रिक पैनल और अग्निशमन संयंत्र लगाए गए हैं। साथ ही कार्यकारिणी कक्ष को भी आधुनिक व सुविधाजनक बनाया गया है।

महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि कार्यकारिणी कक्ष के जीर्णोद्धार पर 57 लाख रुपये तथा सदन कक्ष पर 75 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। दोनों कक्षों में पार्षदों व अधिकारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की सुविधा सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में निगम के सभी पार्षद व अधिकारी उपस्थित रहे।







